राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी चन्द्र किरण वर्मा एंटी करप्शन इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के नेशनल एडवाइजर नियुक्त
देहरादून। राष्ट्रपति स्काउट पदक और महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी चन्द्र किरण वर्मा को एंटी करप्शन इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (ACID) भारत का नेशनल एडवाइजर वालंटियर ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
डिपार्टमेंट के चेयरमैन डॉ. जगदम्बा प्रसाद सिंह ने चन्द्र किरण वर्मा की दशकों से चली आ रही सामाजिक सेवाओं और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। उन्होंने वर्मा को नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र (ID कार्ड) सौंपते हुए औपचारिक रूप से उन्हें राष्ट्रीय खुफिया एवं जांच मामलों के सलाहकार का कार्यभार ग्रहण कराया।
शपथग्रहण समारोह के दौरान डॉ. सिंह ने आशा जताई कि चन्द्र किरण वर्मा अपनी ईमानदारी और अनुभव से डिपार्टमेंट के कार्यों को नई दिशा प्रदान करेंगे।
गौरतलब है कि श्री वर्मा सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और पूर्व में भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड के डीएम के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान रही है और उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया गया है।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री वर्मा ने डिपार्टमेंट की गवर्निंग बॉडी और नेशनल टीम के प्रति व्यक्तिगत व संस्थागत आभार प्रकट किया और कहा कि वे ईमानदारी व निष्ठा के साथ जनहित में कार्य करते रहेंगे।
