Haldwani: मुखानी क्षेत्र स्थित जेकेपुरम कॉलोनी में रह रही एक योग प्रशिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
मृतका की मां ने स्थानीय योगा सेंटर के संचालकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया, जिसके चलते योगा सेंटर के बाहर लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है, जो हल्दूचौड़ तुलारामपुर निवासी दीपा मेर की पुत्री थी। फरवरी 2018 में उसकी शादी जोधपुर निवासी कमल से हुई थी। कुछ समय से वह जेकेपुरम कॉलोनी में किराये पर रह रही थी और एक निजी योगा सेंटर में ट्रेनर के रूप में कार्यरत थी।
परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
परिजनों का आरोप है कि ज्योति योगा सेंटर के दो संचालक भाइयों से मानसिक रूप से परेशान थी। यह बात उसने कुछ दिन पहले अपनी भाभी से साझा की थी। मृतका की मां दीपा मेर ने बताया कि 31 जुलाई की सुबह 6 बजे ज्योति की सहेली ने फोन कर जानकारी दी कि वह अपने कमरे में बेसुध पड़ी है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो ज्योति मृत पाई गई। उसके सिर के पिछले हिस्से में सूजन, और हाथ व गले पर संदिग्ध निशान थे।
दीपा मेर ने मुखानी थाने में तहरीर देकर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।