ई-केवाईसी न कराने पर हल्द्वानी में 10 हजार राशन कार्ड निरस्त, लाभार्थियों को नहीं मिलेगा मुफ्त राशन

हल्द्वानी। हल्द्वानी, हल्दूचौड़ और लालकुआं क्षेत्र के हजारों राशन कार्डधारकों के लिए बड़ा झटका है। क्षेत्रीय खाद्य विभाग ने ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी न करने पर करीब 10,000 राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं। इसके चलते इन कार्डधारकों को अब सस्ती दरों पर या निःशुल्क राशन मिलना बंद हो गया है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को गेहूं और चावल सस्ती दरों पर तथा अंत्योदय योजना के तहत पूर्णतः निःशुल्क वितरित किए जाते हैं। इसके अलावा, मुख्यमंत्री पोषित योजना के अंतर्गत नमक मात्र ₹8 प्रति किलो की दर से मिलता है। लेकिन विभाग द्वारा निर्धारित समयसीमा में ई-केवाईसी न कराने पर इन लाभों पर रोक लगा दी गई है।

पूर्ति विभाग के अनुसार अब बड़ी संख्या में लाभार्थी ई-केवाईसी कराने के लिए सामने आ रहे हैं। रामपुर रोड स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कार्यालय में प्रतिदिन 30 से 40 लाभार्थी ई-केवाईसी कराने पहुंच रहे हैं।

क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी दिव्या पांडे ने बताया कि विभाग द्वारा निरंतर अपील की जा रही है कि सभी पात्र लाभार्थी जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूर्ण कराएं, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ पुनः मिल सके।

इस बीच, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होने से मुख्यमंत्री पोषित नमक एवं दाल योजना सहित नए राशन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। अब आचार संहिता हटने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने जानकारी दी कि सभी डीलरों को गांवों में नमक और दाल के पैकेट वितरण के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी पुनः शुरू कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.