उत्तराखंड में मूसलधार बारिश से नदियां उफान पर, जनजीवन प्रभावित

देहरादून। राज्य भर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गंगा, यमुना, सरयू, गोमती, अलकनंदा सहित सभी प्रमुख नदियों और पहाड़ी क्षेत्रों के गाड़-गधेरों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है, वहीं गंगा घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

श्रद्धालुओं को किया जा रहा अलर्ट
विशेष रूप से ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को लाउडहेलर के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है कि वे नदी के बीच में न जाएं और किनारे पर भी सतर्क रहें। पुलिस की टीमें सभी थाना क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है।

तमसा नदी का जलस्तर बढ़ा, कई घरों को नुकसान
देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर के पास बहने वाली तमसा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा मंडरा रहा है। नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दून विहार वार्ड-6 में भारी बारिश के चलते कई घरों के किनारे बने सुरक्षा पुस्ते गिर गए हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करा दिया गया है।

एसडीआरएफ ने बचाई तीन लोगों की जान
प्रेमनगर क्षेत्र के ठाकुरपुर में नदी की तेज धाराओं में फंसे तीन लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदियों, नालों के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.