बच्चों के लिए यूट्यूब बैन: ऑस्ट्रेलिया का सख्त फैसला
कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए यूट्यूब को भी बैन कर दिया है। यह नया कानून 10 दिसंबर 2025 से प्रभावी होगा। इससे पहले फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पहले से ही प्रतिबंधित सूची में शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। बच्चों को अब केवल यूट्यूब किड्स इस्तेमाल करने की अनुमति होगी, जो पूरी तरह बच्चों के लिए सुरक्षित और नियंत्रित प्लेटफॉर्म है।
क्या रहेगा मान्य और क्या होगा प्रतिबंधित?
| प्लेटफॉर्म्स | 16 साल से कम बच्चों के लिए स्थिति |
|---|---|
| फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट, एक्स | ❌ प्रतिबंधित |
| यूट्यूब (मुख्य) | ❌ प्रतिबंधित |
| यूट्यूब किड्स | ✅ अनुमति |
सरकार ने क्या कहा?
संचार मंत्री अनिका वेल्स ने कहा,
“हम सोशल मीडिया कंपनियों से डरने वाले नहीं हैं। हमारे लिए बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है। यूट्यूब को बैन करने का फैसला ई-सेफ्टी कमिश्नर की सिफारिश के बाद लिया गया।”
एक सर्वे के अनुसार, 10 में से 4 ऑस्ट्रेलियाई बच्चों ने माना कि उन्हें सबसे अधिक नुकसान यूट्यूब के उपयोग से हुआ।
दुनिया में अपनी तरह का पहला कानून
ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। यह कानून नवंबर 2024 में संसद में पारित हुआ था और इसमें सत्ताधारी और विपक्ष दोनों का समर्थन मिला। सरकार को उम्मीद है कि यह मॉडल अन्य देशों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।

