प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर दोहरी घटना: पहले हत्या, फिर हादसे में आरोपी की मौत

प्रयागराज: बुधवार रात प्रयागराज रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर एक युवक द्वारा लोहे की रॉड से हमला कर एक रेलवे कर्मचारी की हत्या कर दी गई और आरपीएफ जवान को घायल कर दिया गया। हमले के तुरंत बाद भागते समय आरोपी युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इस घटना से रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पुलिस तथा रेलवे अधिकारी पहुंचे।

लोहे की रॉड से हमला, रेलवे कर्मचारी की मौके पर मौत

घटना बुधवार रात लगभग 10 बजे की है जब एक युवक लोहे की रॉड लेकर प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर पहुंचा और वहां ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी अमित कुमार (25 वर्ष) के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। हमले में अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर युवक ने लोहे की रॉड से उन्हें भी धमकाते हुए हमला करने की कोशिश की

आरपीएफ जवान घायल, इलाज जारी

हमलावर ने आगे बढ़ते हुए आरपीएफ जवान माधव यादव (55 वर्ष) पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस द्वारा घायल जवान को तत्काल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

आरोपी की ट्रेन से कटकर मौत

हमले के बाद आरोपी युवक प्लेटफॉर्म नंबर 7 की ओर भागने की कोशिश में रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही पूर्वा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई

जीआरपी थाना प्रभारी राजबीर सिंह यादव के अनुसार, मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है लेकिन उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी मानसिक रूप से असंतुलित था और लोहे की रॉड उसे कहीं से पड़ी मिली थी, जिसे लेकर वह स्टेशन पहुंचा।

पुलिस की कार्रवाई जारी, हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिसरेलवे अधिकारी, और अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। घायल रेलकर्मी अमित कुमार और आरपीएफ जवान को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में अमित कुमार के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, युवक की पहचान शेष

पुलिस ने रेलवे कर्मचारी अमित कुमार और अज्ञात युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है लेकिन पुलिस आसपास के थानों और मानसिक संस्थानों से जानकारी एकत्र कर रही है ताकि उसके परिजनों से संपर्क किया जा सके।

घटना से यात्रियों में दहशत, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल

इस वारदात के बाद प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने तुरंत हरकत में आते हुए स्थिति को संभाला, लेकिन यह घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल बनकर सामने आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.