हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही: अब तक 7 की मौत, 6 लापता, राहत अभियान तेज

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मूसलधार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के कांगड़ा और कुल्लू जिलों में दो दिन पहले आई बाढ़ से अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। राहत की बात यह है कि लाहौल-स्पीति जिले में फंसे 31 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, और एक मजदूर को जीवित बचाया गया है।

धर्मशाला में सबसे भीषण हादसा

धर्मशाला के खनियारा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण मनूनी खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे इंदिरा हाइड्रो प्रोजेक्ट में कार्यरत कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में अब तक पांच मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • चेन सिंह (जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर)

  • आदित्य ठाकुर (चंबा, हिमाचल प्रदेश)

  • प्रदीप कुमार वर्मा और चंदन कुमार वर्मा (देवरिया, उत्तर प्रदेश)

  • संजय (कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश)

घटना के समय मौके पर मौजूद एक मजदूर लवली पुत्र सुरमा राम (गांव पूना, जिला चंबा) को एसडीआरएफ की टीम ने जंगल की ओर भागते समय सुरक्षित बचा लिया

सर्च ऑपरेशन लगातार जारी

एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि राहत कार्यों के लिए एसडीआरएफ की दो टीमें और होम गार्ड की एक यूनिट तैनात की गई हैं। प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर बाकी मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन के कमांडेंट बलजिंदर सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल को दो हिस्सों में बांटकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

कुल्लू में भी तीन लोग लापता

कुल्लू जिले में भी भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। यहां तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में स्थानीय प्रशासन व राहत टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट, स्थिति और बिगड़ सकती है

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, हमीरपुर, सोलन, किन्नौर और मंडी जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चेतावनी दी है। 2 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना के चलते प्रशासन ने लोगों से नदियों और खड्डों के आसपास न जाने की अपील की है।

लाहौल-स्पीति से राहत की खबर

वहीं लाहौल-स्पीति जिले से राहत की खबर सामने आई है। यहां खराब मौसम और रास्ता बंद होने की वजह से फंसे 31 ट्रैकर्स को पुलिस व राहत दलों ने सुरक्षित निकाल लिया है। सभी ट्रैकर्स को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

प्रशासन सतर्क, सभी एजेंसियां मैदान में

प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत और बचाव से जुड़ी तमाम एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.