उत्तरकाशी: उत्तराखंड के ब्लाक मोरी स्थित ग्राम ओडाटा के मोरा तोक गुजर बस्ती में शुक्रवार की आधी रात एक दुखद घटना घटी, जब एक आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दब कर एक ही परिवार के चार सदस्य अपनी जान गंवा बैठे। मृतकों में गुलाम हुसैन (26 वर्ष), उसकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), उनका तीन वर्षीय बेटा आबिद और 10 माह की बेटी सलमा शामिल हैं।
घटना के बाद, आसपास के ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल), और पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, चारों परिवार के सदस्य मलबे में दबे हुए थे और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया, लेकिन मलबे में दबे चारों सदस्यों को बचाने में सफलता नहीं मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन हाली में हुई भारी बारिश और मकान की संरचनात्मक स्थिति को संभावित कारण के रूप में देखा जा रहा है।
इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।