After Header-1

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक, कई जिलों में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत

भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री हो गई है। मौसम के अचानक बदले मिजाज और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बड़वानी, खंडवा, खरगोन और बुरहानपुर जिलों में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। राजधानी भोपाल सहित अन्य जिलों में भी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 68 मिमी बारिश विदिशा में हुई है। अगले 2 दिन में मानसून भोपाल और इंदौर में सक्रिय हो सकता है, जबकि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में इसकी एंट्री सबसे अंत में होगी। अनुमान है कि एक सप्ताह में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।

इस समय प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिससे आंधी और बारिश का दौर बना हुआ है। मंगलवार को मौसम विभाग ने 50 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, सतना, रीवा, सागर, जबलपुर, बालाघाट, छतरपुर, मंदसौर, नीमच जैसे जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में हवा की गति 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

सोमवार को नौगांव (छतरपुर) में सवा इंच, रीवा में 1 इंच, मंडला में आधा इंच और कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भोपाल में भी शाम को बादल छाए और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को केवल नर्मदापुरम में ही तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा (40.2°C)। भोपाल 37.5°C, इंदौर 34.6°C, ग्वालियर 37°C, जबलपुर और उज्जैन 38°C पर रहे। सबसे ठंडा स्थान पचमढ़ी रहा, जहाँ तापमान 31.2°C रहा।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.