अहमदाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयावह हादसे में अब तक 297 लोगों की मौत हो चुकी है। इस विमान में सवार 242 में से 241 यात्री और मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में मौजूद 56 लोग शामिल हैं। टेक-ऑफ के बाद विमान बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर नीचे गिर गया, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे “शब्दों से परे हृदय विदारक” बताया। शुक्रवार 13 जून को पीएम अहमदाबाद के घटनास्थल का दौरा किया। पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। वह घायलों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के लिए अहमदाबाद पहुंचे।
छह के शव उनके परिजनों को सौंपे गए
पुलिस ने बताया कि एअर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में से छह के शव उनके परिजनों को सौंपे गए।
पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना स्थल का दौरा करने, घायलों से मिलने और पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिवार से मुलाकात के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। इससे पहले, उन्होंने अहमदाबाद हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल और अधिकारियों के साथ बैठक की।
एयर इंडिया विमान में टॉयलेट के पास मिला धमकी भरा नोट
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया के उस विमान में, जिसकी थाइलैंड में आपात लैंडिंग हुई, टॉयलेट के पास बम की धमकी वाला नोट मिला। टेकऑफ के बाद क्रू मेंबर ने नोट देखा, जिसके बाद विमान को फुकेट में आपात लैंडिंग करानी पड़ी।
एयर इंडिया विमान की आपात लैंडिंग
बम की धमकी के बाद एयर इंडिया के विमान (फ्लाइट नंबर AI-379) की थाइलैंड में आपात लैंडिंग कराई गई। यह विमान फुकेट से नई दिल्ली आ रहा था और इसमें 156 यात्री सवार थे। धमकी मिलने के बाद विमान को फुकेट में उतारा गया, और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।
पीएम मोदी ने विजय रूपाणी के परिवार से की मुलाकात
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अहमदाबाद विमान हादसे में शामिल थे और उन्हें बचाया नहीं जा सका। आज पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके परिवार से मुलाकात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने विजय रूपाणी की पत्नी अंजली बेन रूपाणी से भी बात की।
अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787 ड्रीमलाइनर का एक ब्लैक बॉक्स बरामद हुआ है। दूसरे ब्लैक बॉक्स की तलाश जारी है। इस ब्लैक बॉक्स से टेकऑफ के तुरंत बाद हुए इस बड़े हादसे के कारणों का पता चल सकेगा।