After Header-1

रांची में हुई उच्चस्तरीय बैठक: छात्रों के शैक्षणिक भविष्य और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर

रांची। आज राजधानी रांची में एक अहम उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मंत्री दीपिका पांडेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक का केंद्रबिंदु राज्य के स्कूली छात्रों का शैक्षणिक भविष्य और शिक्षकों व कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार का यह पहला संकल्प है कि किसी भी छात्र का शैक्षणिक सत्र बर्बाद न हो। इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है कि प्रभावित विद्यालयों के छात्रों का नामांकन अब राज्य के +2 विद्यालयों में कराया जाएगा, जिससे वे बिना किसी व्यवधान के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

इस अवसर पर मंत्री रामदास सोरेन ने कहा, “हमारा दायित्व है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। किसी भी परिस्थिति में उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।”

इसके साथ ही सरकार ने शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी की आजीविका पर संकट न आए। शिक्षकों और कर्मियों को समुचित संरक्षण और सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे निश्चिंत होकर अपने दायित्व का निर्वहन कर सकें।

सरकार द्वारा उठाए गए इन ठोस कदमों से न केवल छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास भी और मजबूत होगा। शिक्षा विभाग आगामी दिनों में विस्तृत कार्ययोजना सार्वजनिक करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.