विक्ट्री परेड : कोहली ने कहा- मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं मैं पूरी तरह से टूट गया हूं

बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की विक्ट्री परेड में भगदड़ मच गई। इससे 11 लोगों की मौत हो गई। साथ ही 33 लोग घायल हो गए हैं। इस हादसे पर आरसीबी के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने प्रतिक्रिया दी है। विराट कोहली ने कहा कि उनका दिल टूट गया है और वो निशब्द हैं।

कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। पूरी तरह से टूट गया हूं।’ उन्होंने हार्टब्रेक का इमोजी भी बनाया। विराट कोहली ने भगदड़ के बारे में आरसीबी का आधिकारिक बयान साझा किया है। आरसीबी ने हादसे के बाद एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि उन्हें इस हादसे से दुख हुआ है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ पर कहा, हमें बेंगलुरु में आज दोपहर मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली घटनाओं की जानकारी से काफी दुख हुआ। सभी की सुरक्षा हमारे लिए पहली प्राथमिकता है। आरसीबी इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के लिए शोक व्यक्त करता है और हमारी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। हालात की जानकारी मिलते ही हमने तुरंत अपने कार्यक्रम में बदलाव किया और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों और सलाह का पालन किया। हम अपने सभी समर्थकों से अनुरोध करते हैं कि कृपया सुरक्षित रहें।

आरसीबी के आईपीएल जीतने पर बेंगलुरु में जश्न मनाया जा रहा था। मंगलवार को आईपीएल में अपना पहला टाइटल जीता था। टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया। आरसीबी की टीम जब बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंची, तब वहां हजारों आरसीबी फैंस मौजूद थे। आरसीबी की टीम का विधानसभा में कर्नाटक सरकार ने सम्मान किया।

एक प्रोग्राम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी था। स्टेडियम के बाहर लाखों की भीड़ जमा हो गई थी। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.