After Header-1

डोनाल्ड ट्रंप ने की घोषणा, तुलसी गबार्ड ‘डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस’ के रूप में देंगी सेवाएं

वाशिंगटन। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को घोषणा की कि डेमोक्रेटिक पार्टी की पूर्व सदस्य तुलसी गबार्ड ‘डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस’ (डीएनआई) के रूप में सेवाएं देंगी। गबार्ड चार बार सांसद रह चुकी हैं और 2020 में वह राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए उम्मीदवार भी थीं। गबार्ड के पास पश्चिम एशिया और अफ्रीका के संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में तीन बार तैनाती का अनुभव है। वह हाल ही में डेमोक्रेटिक पार्टी को छोड़कर रिपब्लिकन पार्टी में शामिल हुई थीं।

ट्रंप ने घोषणा की, ‘‘मुझे यह ऐलान करते हुए काफी खुशी हो रही है कि पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट कर्नल तुलसी गबार्ड डीएनआई के रूप में सेवाएं देंगी। दो दशकों से अधिक समय तक तुलसी ने हमारे देश और सभी अमेरिकियों की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की पूर्व उम्मीदवार के रूप में उन्हें दोनों दलों में व्यापक समर्थन प्राप्त है, लेकिन अब वह रिपब्लिकन पार्टी की अहम सदस्य हैं…।

अमेरिका की पहली हिंदू महिला सांसद तुलसी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तुलसी को हिंदू धर्म के पारंपरिक पहनावे सलवार और सूट पहने देखा जा सकता है। इस दौरान वह भक्ति में डूबे हुए हरे कृष्णा और हरे रामा गा रही हैं और जमकर हिंदू धर्म का प्रचार कर रही हैं।

ट्रंप ने मैट गेट्ज़ को अमेरिकी अटॉर्नी जनरल चुना
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह अमेरिकी अटॉर्नी जनरल के रूप में कांग्रेसी मैट गेट्ज़ को नामित करेंगे। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा, “यह घोषणा करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है कि फ्लोरिडा के कांग्रेसी मैट गेट्ज़ को अमेरिका के अटॉर्नी जनरल के रूप में नामित किया गया है।” ट्रंप ने गेट्ज़ को बेहुत प्रतिभाशाली और दृढ़ वकील कहा, जिन्होंने कांग्रेस में अपने कार्यकाल के दौरान न्याय विभाग में आवश्यक सुधारों पर बल दिया। ट्रंप ने हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी में रहते हुए “रूस, रूस, रूस के झांसे को हराने और खतरनाक एवं प्रणालीगत सरकारी भ्रष्टाचार और हथियारीकरण को उजागर करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका” पर भी प्रकाश डाला। ट्रंप ने कहा “मैट हथियारबंद सरकार को खत्म करेंगे, हमारी सीमाओं की रक्षा करेंगे, आपराधिक संगठनों को खत्म करेंगे और न्याय विभाग में अमेरिकियों की आस्था और विश्वास को बहाल करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.