After Header-1

पहलवान अमन सहरावत क्वार्टर फाइनल में, मेडल की जगी आस…अंशु की चुनौती खत्म

नयी दिल्ली। भारत के युवा पहलवान अमन सहरावत ने गुरुवार को पेरिस ओलंपिक के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में उत्तर मैसेडोनिया के प्रतिद्वंद्वी व्लादिमीर इगोरोव के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। अब उनका मुकाबला अल्बानिया के अबकारोव जेलिमखान से होगा। अबकरोब पूर्व वर्ल्ड चैम्प‍ियन हैं। एशियाई चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले देश के एकमात्र पुरुष पहलवान अमन मुकाबले के दौरान काफी फुर्तीले दिखे। उन्होंने अपना डिफेंस बरकरार रखते हुए पूर्व यूरोपीय चैम्पियन पर तकनीकी दक्षता के आधार पर 10-0 से जीत हासिल की।पहले राउंड में 29 वर्षीय इगोरोव थोड़े परेशान दिखे और अमन के ‘आल ऑउट’ आक्रमण के बाद उन्हें घुटने के लिए चिकित्सा लेनी पड़ी। भारत के 21 वर्षीय युवा पहलवान ने प्रतिद्वंद्वी को वापसी नहीं करने दी। अमन ने ‘टेकडाउन’ करके दो और अंक जुटाये और 10-0 से बढ़त बना ली जबकि अभी मुकाबला खत्म होने में दो मिनट बाकी थे। अमन का अंतिम आठ मुकाबला शाम में होगा।

अंशु मलिक हारीं, अब रेपेचेज की उम्मीद
पेरिस। भारतीय महिला पहलवान अंशु मलिक पेरिस ओलंपिक की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा के प्रीक्वार्टर फाइनल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पांचवीं वरीय हेलेन लुसी मैरोयूलिस से 2-7 से हार गईं। अपने दूसरे ओलंपिक में हिस्सा ले रही अंशु को रेपेचेज में खेलने के लिए मैरोयूलिस के फाइनल तक पहुंचने की उम्मीद करनी होगी। पहले राउंड में अमेरिका की मैरोयूलिस ने शुरू से दबदबा बनाते हुए बढ़त हासिल की। इसमें अंशु काफी ‘डिफेंसिव’ लग रही थी। दूसरे राउंड में भी मैरोयूलिस ने यही प्रदर्शन जारी रखते हुए पांच अंक जुटाये जबकि वापसी की कोशिश में जुटीं अंशु केवल दो अंक ही हासिल कर सकीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.