मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती रामोजी राव का निधन

हैदराबाद। मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं खबरों और मनोरंजन की दुनिया में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का शनिवार सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। समाचारपत्र ‘ईनाडु’ से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राव को सांस लेने में परेशानी के कारण पांच जून को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज सुबह चार बजकर 50 मिनट पर उनका निधन हो गया। राव के पार्थिव शरीर को शहर के बाहरी इलाके में स्थित रामोजी फिल्म सिटी में उनके आवास पर लाया गया।

रामोजी राव ने समाचारपत्र ईनाडु और ईटीवी चैनल समूह की शुरुआत करके अविभाजित आंध्र प्रदेश में मीडिया जगत में क्रांतिकारी बदलाव किया। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामोजी राव के निधन पर शनिवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें भारतीय मीडिया में क्रांति लाने वाला दूरदर्शी व्यक्ति करार दिया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राव के समृद्ध योगदान ने पत्रकारिता और फिल्म जगत पर अमिट छाप छोड़ी है।

मोदी ने कहा कि अपने उल्लेखनीय प्रयासों के माध्यम से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए। प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा ,‘‘ रामोजी राव गारू में भारत के विकास को लेकर जुनून था। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनसे बातचीत करने और उनके ज्ञान से लाभ उठाने के कई अवसर मिले। इस कठिन समय में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’

Leave A Reply

Your email address will not be published.