After Header-1

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बढ़ती गर्मी से राहत मिलने के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार को सुबह से ही देहरादून में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश से सुबह मौसम खुशनुमा हो गया था, लेकिन दोपहर के समय धूप खिलने से तपिश पड़ने लगी। वहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, झोंकेदार हवा चलने को लेकर मौसम विभाग ने 30 मार्च को ऑरेंज तो 31 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। इससे तपिश पड़ रही है। एक सप्ताह के भीतर ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से सुबह-शाम की ठंड कम हो गई है। मैदानी इलाकों में बारिश नहीं होने के कारण लोगों को अभी से ही तेज गर्मी का अहसास हो रहा था। ओलावृष्टि और आंधी के पूर्वानुमान से मैदानी इलाके के लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार 30-31 मार्च और 02-03 अप्रैल को राज्य के चार हजार मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

इन जिलों में गरजेंगे बादल, ओलावृष्टि और तेज हवा चलने के आसार

पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर, देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, चमोली, रूद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत, उत्तरकाशी में 30 और 31 मार्च को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, झोंकेदार हवा चलने का पूर्वानुमान है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को मुख्यालय में रहने और मोबाइल ऑन रखने के निर्देश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील स्थानों पर टीम, जेसीबी और मशीन तैयार रखना को कहा गया है। अधिकारियों को मुख्यालय में रहने और मोबाइल ऑन रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.