कांग्रेस की बैठक में भारत न्याय यात्रा की तैयारियों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। कांग्रेस के शीर्ष नेता आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति और 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होने वाली भारत न्याय यात्रा की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को यहां बैठक करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यहां पार्टी मुख्यालय में पार्टी महासचिवों, राज्य प्रभारियों, राज्य इकाइयों के प्रमुख और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं की बैठक बुलाई है।

दिसंबर में खरगे द्वारा किए गए फेरबदल के बाद नव नियुक्त महासचिवों और राज्य प्रभारियों की यह पहली बैठक होगी। सूत्रों ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी और भारत न्याय यात्रा बैठक के एजेंडे में है। कांग्रेस नेतृत्व ने हाल के कुछ महीनों में अलग-अलग राज्यों के नेताओं के साथ बैठक कर उनके राज्यों में चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की है।

‘भारत न्याय यात्रा’ सितंबर 2022 से जनवरी 2023 के बीच आयोजित ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का दूसरा संस्करण है। भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होकर 20 मार्च को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में समाप्त होगी। भारत के पूर्वी से पश्चिमी हिस्से तक की यह यात्रा अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले लोगों तक पहुंचने और उनसे जुड़ने का कांग्रेस का एक प्रयास है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.