जदयू एक , भाजपा चाहे जितनी ताकत लगा ले: ललन सिंह

नई दिल्ल। जनता दल यूनाइटेड (JDU ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे की चर्चाओं पर पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं। जदयू एक है और एक ही रहेगा। इसके साथ ललन सिंह ने यह भी कहा कि भाजपा ( BJP) चाहे जितनी ताकत लगा ले हम एक हैं।

ललन सिंह ने कहा कि मीडिया मैनेजमेंट भारतीय जनता पार्टी के नियंत्रण में हैं। यह जदयू की नियमित बैठक है। बैठक में जो भी होगा, उसका ड्राफ्ट पार्टी दफ्तर से ले लीजिएगा। साथ ही इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने गुस्से में मीडिया कर्मी से कहा कि हमें इस्तीफा देना होगा तो आपसे परामर्श कर लेंगे। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी बैठक के लिए रवाना होने से पहले पटना में मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर ऑल इज वेल है। यह नियमित बैठक है, जो हर साल होती है।

दूसरी ओर, दिल्ली स्थित जदयू कार्यालय में आज पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हो गई। यह करीब आधे घंटे तक चली। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ललन सिंह एक साथ जदयू के दफ्तर पहुंचे थे। जदयू दफ्तर आने से पहले नीतीश के आवास पर ललन सिंह ने करीब एक घंटे तक बातचीत की थी। दोनों नेता जदयू कार्यालय में 29 दिसम्बर को पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.