प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे

Prime Minister Narendra Modi:  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकास की विभिन्न परियोजनाओं की शुरूआत करने के लिये 17 और 18 दिसंबर को सूरत एवं वाराणसी जायेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। बयान में कहा गया है कि मोदी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में भाग लेने के लिए वाराणसी जाने से पहले रविवार को सूरत डायमंड बोर्स और सूरत हवाई अड्डा पर एक नए एकीकृत टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे।

बयान में कहा गया है कि रविवार शाम वह नमो घाट पर ‘काशी तमिल संगमम- 2023’ का उद्घाटन करेंगे। वाराणसी में अगले दिन वह एक सार्वजनिक समारोह में स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन करेंगे और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में भी भाग लेंगे। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में 19,150 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

बयान में कहा गया है कि नया एकीकृत टर्मिनल भवन व्यस्ततम अवधि के दौरान 1,200 घरेलू यात्रियों और 600 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने में सक्षम है, और इसमें इस अवधि के दौरान अपनी क्षमता को 3,000 यात्रियों तक बढ़ाने की व्यवस्था है। इसके साथ ही इस हवाई अड्डे की यात्रियों को संभालने की वार्षिक क्षमता बढ़कर अब 55 लाख यात्रियों तक हो गई है। सूरत शहर के प्रवेश द्वार के रूप में टर्मिनल भवन को इसकी स्थानीय संस्कृति और विरासत के साथ डिजाइन किया गया है।

बयान में कहा गया है कि सूरत डायमंड एक्सचेंज अंतरराष्ट्रीय हीरे और आभूषण कारोबार के लिए दुनिया का सबसे बड़ा और आधुनिक केंद्र होगा। यह कच्चे और पॉलिश किए गए हीरों के साथ-साथ आभूषणों के व्यापार का एक वैश्विक केंद्र होगा। इसमें आयात और निर्यात के लिए एक अत्याधुनिक ‘सीमा शुल्क निपटना गृह’, खुदरा आभूषण व्यवसाय के लिए आभूषण मॉल और अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग की सुविधा होगी।

बयान में कहा गया कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के अपने दृष्टिकोण के अनुरूप मोदी ‘नमो घाट’ पर ‘काशी तमिल संगमम-2023’ का उद्घाटन करेंगे और कन्याकुमारी-वाराणसी तमिल संगमम ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि मोदी ने पिछले नौ वर्षों में वाराणसी के परिदृश्य को बदलने और वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए जीवनयापन को आसान बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.