कांग्रेस के खिलाफ ‘सत्ता विरोधी’ लहर नहीं: गहलोत

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( Chief Minister Ashok Gehlot) ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ कोई ‘सत्ता विरोधी’ लहर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी।

गहलोत ने जोधपुर में कहा कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान विकास के मुद्दों पर केंद्रित है, जबकि प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा उसके अन्य नेताओं ने अपने प्रचार में ‘भड़काऊ’ भाषा का इस्तेमाल किया। भाजपा नेताओं के चुनावी भाषणों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जनता समझ चुकी है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस सरकार फिर से सत्ता में आएगी।’’

भाजपा द्वारा ‘लाल डायरी’ और अन्य मुद्दों पर केवल अशोक गहलोत को ही निशाना बनाए जाने के सवाल पर, उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस बात से परेशान हैं कि वे खरीद-फरोख्त के तमाम प्रयासों के बावजूद राज्य की चुनी हुई सरकार नहीं गिरा सके। एक बर्खास्त मंत्री ने दावा किया था कि ‘‘लाल डायरी’’ में मुख्यमंत्री और कई नेताओं के अवैध वित्तीय लेनदेन दर्ज हैं। गहलोत ने कहा कि भाजपा नेताओं ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया वह अस्वीकार्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.