भारत जोड़ो यात्रा की वर्षगांठ पर कांग्रेस करेगी पदयात्राएं

नयी दिल्ली कांग्रेस (Congress)ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा (bharat jodo yatra)से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह पैदा हुआ है और इस यात्रा की पहली सालगिरह पर पार्टी सात सितंबर को देशभर में जिला स्तर पर 722 पदयात्राएं आयोजित करेगी जिसमें सभी बड़े नेता हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल (K.C. Venugopal) ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले साल सात सितम्बर को पार्टी नेता राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा शुरु की। देश में किसी भी राजनेता द्वारा की गई यह अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा है। गांधी की 4081 किलोमीटर लम्बी यह यात्रा 136 दिन तक चली जो 12 राज्यों, दो केंद्र शासित प्रदेशों, 75 जिलों और 76 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से होते हुए जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर पहुंची थी।

भारत जोड़ो यात्रा में गांधी ने व्यापक स्तर पर जनसंपर्क किया। इस दौरान असंख्य लोगों ने उनसे मुलाकात की और अपनी समस्याएं उनको बताई। कांग्रेस नेता ने यात्रा में बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों से बातचीत की और विभिन्न वर्ग के लोगों की समस्याएं सुनी। उनका कहना था कि यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सौ से अधिक संगठनों और समूहों के लोगों से बातचीत की। इस दौरान 100 से ज्यादा बैठकें हुई और 13 विशाल जनसभाओं को उन्होंने संबोधित किया। सार्वजनिक बैठकें और 12 प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ-साथ देश भर में अनगिनत बैठकें इस यात्रा का हिस्सा थीं।

वेणुगोपाल ने कहा,भारत जोड़ो यात्रा की पहली सालगिरह पर हम पूरे देश में 722 भारत जोड़ो यात्राएं शुरू कर रहे हैं। यह पदयात्रा सात सितंबर को शाम पांच बजे से छह बजे तक देश के प्रत्येक जिले में कांग्रेस के विरष्ठ नेताओं के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी। यात्रा के बाद बैठकें होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.