सांसद प्रिंस राज के खिलाफ कथित रेप के मामले में सुनवाई टाली

नई दिल्ली । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद प्रिंस राज के खिलाफ कथित रेप के मामले में सुनवाई टाल दी है। एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट विधि गुप्ता आनंद ने मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई को करने का आदेश दिया। एक युवती ने सांसद प्रिंस राज पर रेप केस दर्ज कराया।

राउज एवेन्यू कोर्ट के आदेश के बाद प्रिंस राज पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज हुआ था। गौरतलब है कि महिला ने प्रिंस राज के खिलाफ यौन प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जून 2021 में महिला ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की थी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि प्रिंस राज ने नशीला ड्रिंक पिलाया, जिससे वो बेहोश हो गई। महिला के मुताबिक बेहोशी की हालत में प्रिंस राज ने उसके साथ यौन संबंध बनाया और उससे शादी का वादा किया। महिला की शिकायत पर कोर्ट ने प्रिंस राज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। उसके बाद 9 सितंबर, 2021 को दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

प्रिंस राज ने भी 10 फरवरी, 2021 को महिला और उसकी मित्र के खिलाफ रेप केस में फंसाने की धमकी देने की शिकायत की थी। प्रिंस राज की शिकायत पर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर में फिरौती मांगने और फिरौती वसूलने के लिए धमकाने का आरोप लगाया गया। प्रिंस राज की शिकायत में कहा गया कि 2020 में वो एक महिला से मिले थे, जिसने अपने आपको राजनीतिक कार्यकर्ता बताया था। दोनों ने अपना फोन नंबर एक-दूसरे को दिया और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। प्रिंस राज के मुताबिक 18 जून, 2020 को महिला ने उन्हें अपने घर बुलाया और दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। प्रिंस राज महिला के घर कई बार जा चुके हैं।

प्रिंस राज ने अपनी शिकायत में कहा था कि कुछ महीनों के बाद उन्हें पता चला कि महिला किसी पुरुष के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उन्होंने महिला से इसके बारे में पूछा था। अगस्त 2020 से प्रिंस राज महिला को नजरअंदाज करने लगे और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। एक दिन महिला के मित्र ने महिला के फोन से बात की और धमकी दी कि वो आपत्तिजनक वीडियो लीक कर देगा। प्रिंस राज की शिकायत के मुताबिक महिला के मित्र ने आपत्तिजनक वीडियो लीक नहीं करने के एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की। प्रिंस राज ने उन्हें दो लाख रुपये भी दिया। उसके बावजूद महिला और उसके मित्र ने एक करोड़ रुपये की मांग जारी रखी। उसके बाद प्रिंस राज ने 09 फरवरी, 2021 को दिल्ली पुलिस से शिकायत की।

Leave a Reply