After Header-1

रवि सिन्हा RAW का नया प्रमुख नियुक्त

भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी रवि सिन्हा को सोमवार को भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का नया प्रमुख नियुक्त किया गया। छत्तीसगढ़ कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी सिन्हा वर्तमान में मंत्रिमंडल सचिवालय में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
एक आदेश में कहा गया कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सिन्हा की दो साल के कार्यकाल के लिए रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के सचिव के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। सिन्हा ने सामंत कुमार गोयल की जगह ली है, जिनका कार्यकाल 30 जून, 2023 को पूरा हो रहा है।

सिन्हा दो दशक से अधिक समय से इस प्रतिष्ठित खुफिया एजेंसी से जुड़े रहे हैं। वह अपनी पदोन्नति से पहले रॉ की अभियानगत शाखा का नेतृत्व कर रहे थे।

पड़ोसी देशों के मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर के अलावा कई देशों में बड़े पैमाने पर काम किया है। वह ऐसे समय में रॉ की कमान संभाल रहे हैं, जब कुछ देशों से सिख चरमपंथ को हवा देने की कोशिशें की जा रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.