चोट के कारण लंबे समय के लिये आईपीएल से बाहर हुए चाहर हैमस्ट्रिंग

मुंबई। चेन्नई सुपर किग्स के तेज गेंदबाज दीपक चाहर हैमस्ट्रिंग की संभावित चोट के कारण एक बार फिर क्रिकेट से लंबे समय के लिये दूर हो गये हैं। क्रिकबज की ओर से रविवार को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियन्स के विरुद्ध शनिवार के मुकाबले के पहले ओवर में गेंदबाजी करते हुए चाहर को हैमस्ट्रिंग में तकलीफ महसूस हुई।

टीम के फिजियो से कुछ देर बातचीत के बाद चाहर ने ओवर की आखिरी गेंद फेंकी और मैदान से बाहर चले गये। रिपोर्ट के अनुसार यह चोट चाहर को कुछ समय के लिये क्रिकेट से दूर रख सकती है, हालांकि उनके फिट होने की अवधि को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गयी है। चेन्नई ने चाहर को 14 करोड़ रुपये की कीमत पर स्क्वाड में शामिल किया था।

वह कमर की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में भी नहीं खेल सके थे। इसी बीच, क्रिकबज ने बताया कि चेन्नई के अनुभवी हरफनमौला बेन स्टोक्स भी पांव के अंगूठे की चोट के कारण करीब एक सप्ताह के लिये आईपीएल से बाहर हो गये हैं।

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान मुंबई इंडियन्स के विरुद्ध खेलने नहीं उतरे थे। रिपोर्ट के अनुसार वह राजस्थान रॉयल्स (12 अप्रैल) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (17 अप्रैल) के विरुद्ध होने वाले मुकाबलों में भी नहीं खेल सकेंगे। स्टोक्स के हमवतन मोईन अली भी भोजन विषाक्तता के कारण शनिवार का मुकाबला नहीं खेल सके थे, लेकिन चेन्नई के आगामी मुकाबलों के लिये वह उपलब्ध होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.