रामनवमी जुलूस: उपद्रवियों पर नीतीश ने दिया कार्रवाई का आदेश

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसक घटना को लेकर रविवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और हर हालत में विधि-व्यवस्था पूरी तरह से दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखें। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अविलंब वार्ता कर स्थिति की जानकारी लेने का निर्देश दिया ।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस वार्ता कर मीडिया को वस्तुस्थिति की जानकारी दें ताकि कोई अफवाह नहीं फैले और लोग भ्रमित न हों। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना प्रमंडल के आयुक्त, शाहाबाद रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक, रोहतास तथा नालंदा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर स्थिति की जानकारी ली।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं पुलिस महानिदेशक आर एस भट्टी ने बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंकस घटना को लेकर मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी । समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे और पूरी मुस्तैदी बनाए रखें और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.