कराची पुलिस प्रमुख कार्यालय पर आतंकी हमला,तीन आतंकी समेत 7 की मौत

कराची । पाकिस्तान के कराची स्थित पुलिस प्रमुख का कार्यालय शुक्रवार देर शाम सशस्त्र आतंकवादियों के हमले की चपेट में आ गया था, जिसमें कम से कम तीन आतंकवादी मारे गए। इसके अलावा इस हमले के दौरान दो पुलिसकर्मियों और एक रेंजर सहित चार लोगों की भी मौत हो गई तथा कम से कम 19 अन्य घायल हुए।

आतंकवादियों का हमला ऐसे समय में हुआ जब विदेशी क्रिकेट खिलाड़ी वर्तमान में पाकिस्तान सुपर लीग में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और कराची मेजबान शहरों में से एक है। इस लीग के तहत शनिवार (आज) के लिए भी एक खेल निर्धारित है।

सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने हमले के साढ़े तीन घंटे बाद 10:42 बजे ट्विटर पर कहा,‘‘मैं अब तक पुष्टि कर सकता हूं कि कराची पुलिस कार्यालय (केपीओ) भवन को साफ कर दिया गया है। तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है।उन्होंने दोहराया कि इमारत को सुरक्षित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ता इस बात की जांच कर रहा है कि क्या आतंकवादियों द्वारा पहनी गई जैकेटों में विस्फोट करने के लिए कोई हेराफेरी की गई थी।

रेंजर्स के एक प्रवक्ता ने कहा कि अभियान पूरा हो चुका है और इलाके को खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है। अभियान का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) पूर्वी मुकद्दस हैदर ने डॉन डॉट कॉम को बताया कि कुल तीन हमलावर टोयोटा कोरोला में केपीओ पहुंचे थे।

हैदर ने कहा कि हमलावरों में से एक ने इमारत की चौथी मंजिल पर खुद को उड़ा लिया जबकि दो अन्य की छत पर गोली मारकर ढेर कर दिया गया। कराची पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि केपीओ पर हमला करने वाले सभी तीन आतंकवादी आपरेशन में मारे गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.