After Header-1

पुजारा को 100वें टेस्ट पर भारतीय टीम से मिली बधाईयां

नयी दिल्ली ।भारत के अनुभवी टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को 100वां टेस्ट खेलने की उपलब्धि पर भारतीय टीम से ढेरों बधाई मिलीं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी एक वीडियो में कप्तान रोहित शर्मा ने कहा,‘‘मैं पुजारा को बधाई देना चाहूंगा।

देश के लिये 100 टेस्ट मैच खेलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। जो तुमने किया है वो बहुत लोग नहीं कर सकते। मैं जानता हूं कि इसके लिये तुमने अपना बहुत कुछ दिया है। हमें तुम्हारी सफलता पर गर्व है। अन्य क्रिकेटरों की तरह तुम्हें भी उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ा लेकिन तुम उससे उभरकर आये, इसके लिये तुम्हें बधाई।

गौरतलब है कि भारत और आस्ट्रेलिया के बीच यहां अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला जा रहा दूसरा टेस्ट खेल के सबसे लंबे प्रारूप में पुजारा का 100वां मैच है। पुजारा से पहले सिर्फ 12 भारतीय क्रिकेटरों ने 100 टेस्ट खेलने की उपलब्धि हासिल की है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 73 खिलाड़ी ऐसा कर चुके हैं।

भारत के लिये 164 टेस्ट खेलने वाले कोच राहुल द्रविड़ ने कहा,‘‘पुजारा, तुम्हें मैंने पहली बार उस रणजी मैच में देखा था जहां तुमने रन बनाये थे और कर्नाटक को हराया था। अब यह (रन बनाना) तुम्हारी आदत हो चली है। पिछले एक दशक में तुमको उभरते हुए देखना मेरा सौभाग्य रहा है। 

तुमने हमेशा टीम को ऊपर रखा जिसपर तुम गर्व कर सकते हो। तुम्हें मेरी शुभकामनाएं, आशा है कि तुम आगे की लड़ाई का भी आनंद लोगे।’’ भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा,‘‘यह एक बहुत ही विशेष खिलाड़ी का बहुत ही विशेष दिन है।

पुज्जी, तुम्हें 100वें टेस्ट के लिये बधाई। तुम्हारा सफर दृढ़ता से भरा रहा है। तुमने हमेशा मुश्किलों से उभरकर वापसी की है। तुम इसी के लिये जाने जाते हो। मैं तुम्हें बधाई देता हूं और उम्मीद है कि तुम इस पल का आनंद लोगे। यह सिर्फ तुम्हारे लिये नहीं बल्कि तुम्हारे परिवार के लिये भी एक बड़ा पल है, उन लोगों के लिये जिन्होंने हमेशा तुम्हारा समर्थन किया है।

भारत के लिये 100 टेस्ट खेलना बड़ी उपलब्धि है और आशा करता हूं कि तुम इसका आनंद लोगे।’’ पुजारा ने स्वयं यह उपलब्धि हासिल करने पर कहा, “यह मेरे लिये बहुत बड़ा पल है, लेकिन मैं भावनाओं से ऊपर उठकर मैच में प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मैं जानता हूं कि टीम को मुझसे क्या चाहिये।

” केएल राहुल ने कहा, “पुज्जी को उनके 100वें टेस्ट पर बहुत बधाई। मैं टीम में आने के बाद से उनके साथ खेला हूं, और एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने हमेशा मेरी हौसलाफजाई की है। मैं उन्हें इस सीरीज के लिये शुभकामनाएं देना चाहता हूं।

मुझे उम्मीद है कि वह भारत के लिये आने वाले समय में कई मैच खेलेंगे और इस सीरीज में भारत के लिये अहम भूमिका निभाएंगे। अनुभवी आफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा, “भारतीय टीम के ‘वाइट वॉकर’ को शुभकामनाएं। वह पिच पर जाकर लगातार डिफेंड करते आये हैं। यह एक अद्भुत उपलब्धि है और मुझे नहीं लगता कि आने वाले समय में कई युवा खिलाड़ी ऐसा कर सकेंगे।

मुझे तुम्हारी वह पारी याद है जब तुमने वॉंडरर्स (दक्षिण अफ्रीका) में पहला रन बनान के लिये 50 से ज्यादा गेंदें खेली थीं और आगे चलकर अर्द्धशतक पूरा किया था। कई बार तुम अर्द्धशतक या शतक नहीं बना पाते, लेकिन अपने अभेद्य डिफेंस से गेंदबाजों को थकाकर आने वाले बल्लेबाजों का काम जरूर आसान कर देते हो।

भारतीय टीम में द्रविड़ के उत्तराधिकारी माने जाने वाले पुजारा 99 टेस्ट मैचों में 44.1 की औसत से 7021 रन बना चुके हैं। उन्होंने अपने करियर में 16 शतक और तीन दोहरे शतक जड़े हैं, जबकि उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 206 नाबाद है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.