After Header-1

कैदी के यौन उत्पीड़न पर मुख्य सचिव और जेल महानिदेशक से मांगा जवाब

नई दिल्ली। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तिहाड़ जेल में साथी कैदियों द्वारा एक कैदी के कथित यौन उत्पीड़न की घटना पर दिल्ली के मुख्य सचिव और जेल महानिदेशक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग ने घटनास्थल पर अपनी टीम भेजकर पूछताछ करने का भी निर्णय लिया है।

एनएचआरसी ने बताया कि उन्होंने मीडिया में आई उन खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है, जिनमें कहा गया था कि दिल्ली की तिहाड़ जेल में साथी कैदियों द्वारा 22 वर्षीय कैदी का कथित रूप से यौन उत्पीड़न किया गया था। बताया जा रहा है कि कैदी का इलाज चल रहा है। आयोग ने पाया है कि अगर ये सही है, तो यह पीड़ित कैदी के जीवन और सम्मान से संबंधित अधिकारों का उल्लंघन है।

आयोग ने इसको लेकर घटनास्थल पर पूछताछ करने के लिए अपनी टीम भेजने का निर्णय लेने के अलावा दिल्ली के मुख्य सचिव और जेल महानिदेशक को नोटिस जारी कर 4 सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में पीड़ित कैदी की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, दोषी अधिकारियों और आरोपी साथी कैदियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदम और उठाए जाने वाले कदम का ब्यौरा मांगा है।

आयोग ने यह भी पाया कि आयोग द्वारा जेल प्रशासन के कई पहलुओं में सुधार के लिए अतीत में कई दिशा-निर्देश, सलाह और सिफारिशें जारी की हैं, लेकिन फिर भी ऐसा प्रतीत होता है कि तिहाड़ जेल में कैदियों के रहन-सहन की स्थिति में कोई प्रत्यक्ष परिवर्तन नहीं हुआ है, क्योंकि समय-समय पर उत्पीड़न, यातना और यौन शोषण सहित उनके मानवाधिकारों के उल्लंघन से संबंधित विभिन्न प्रकार की घटनाओं की सूचना और शिकायत की जा रही है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.