महिला सुरक्षा पर सपा अध्यक्ष ने जतायी चिंता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश अराजकता की गिरफ्त में है और भाजपा इस जवाबदेही से बच नहीं सकती।

यादव ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज है। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब महिलाएं अपमानित न होती हों, बच्चियां दुष्कर्म की शिकार न होती हों। अवांछित तत्वों की वजह से कितनी ही युवतियों को जान गंवानी पड़ी है और न जाने कितनी छात्राओं की पढ़ाई छूट गई है।

गाजियाबाद के लोनी में 12 दिसम्बर को दिनदहाड़े हथियार के बल पर महिला से लूट की घटना विचलित करने वाली है। वृंदावन टूर पर गई छात्रा से प्रिंसपल पर रेप का आरोप है। हाल ही में बांदा के विसंडा थाना क्षेत्र में एक युवती की इज्जत से खिलवाड़ की घटना घटी।

दबंगों ने उसके मां और भाई की पिटाई भी कर दी। पुलिस से शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मेरठ में एक छात्रा छेड़छाड़ की घटनाओं से इतना परेशान हो गई कि उसने पढ़ाई ही छोड़ दी। पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की तो मनबढ़ मनचले ने छात्रा और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे दी है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था सिर्फ विज्ञापनों में है। सत्ता के संरक्षण में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है। अपराधी जब चाहे तब अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे है।

जनता भाजपा राज से त्रस्त है। जब राज्य अराजकता की गिरफ्त में है तो देशी-विदेशी निवेश और कैसा विकास। इसकी जवाबदेही से भाजपा बच नहीं सकती

Leave A Reply

Your email address will not be published.