रामगढ़ की शांत वादियों में पहुंचे विराट, अनुष्का

नैनीताल। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली पत्नी एवं सिने अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ  नैनीताल में रामगढ़ की शांत वादियों में पहुंचे। विराट और अनुष्का का यह निजी दौरा है इसलिये इसकी किसी को भी भनक नहीं लगी। दोनों निजी हेलीकॉप्टर से घोड़ाखाल स्थित सैनिक स्कूल के मैदान में उतरे और पहले से खड़ी गाड़ियों में बैठकर रवाना हो गये।

उन्होंने यहां पहुंचकर किसी से बात नहीं की और मीडिया से भी दूरी बनाये रखी। बताया जा रहा है कि घोड़ाखाल स्कूल के छात्र भी उनकी अगुवाई के लिये खड़े रहे, लेकिन दोनों किसी से नहीं मिले। सैनिक स्कूल के मैदान में उतरने के लिये उनकी ओर से पहले से अनुमति ली गयी थी। उन्हें उतारने के बाद हेलीकॉप्टर तुरंत वापस रवाना हो गया। ऐसा बताया गया कि उनका काफिला रामगढ़-मुक्तेश्वर की ओर गया। वह यहां किसी खास मित्र की कोठी में ठहरेंगे।

दोनों कुछ दिन यहां आराम फरमायेंगे। बताया जा रहा है कि अति विशिष्ट अतिथि के आगमन की सूचना पर भवाली पुलिस भी सुरक्षा के लिए यहां पहुंची थी, हालांकि किसी अन्य व्यक्ति को कोहली और अनुष्का के आने की भनक नहीं लगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.