प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कांग्रेस पार्टी के प्रति जनता में है गुस्सा

शिमला ।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 12 नवम्बर को होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के लिए अपने प्रचार अभियान के तहत कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चम्बी में एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते कहा कि कांग्रेस का आधार परिवारवाद और वंशवाद है और ऐसे में यह पार्टी हिमाचल की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा नहीं कर सकती।

उन्होंने कहा कि जब भी सरकार बदलती है तो इसका खामियाजा राज्य और युवाओं को भुगतना पड़ता है। वर्तमान में हिमाचल में विकास के लिए दो इंजन हैं, एक केंद्र में और दूसरा राज्य में। कांग्रेस पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा कि उसकी सरकार के कार्यकाल में राज्य में कमजोर वर्गों के लिए केवल 15 घर बनाए गए थे लेकिन भाजपा शासन में कमजोर वर्गों के लिए 10,000 घर स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 8000 बनाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है। राज्य में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सफलतापूर्वक चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा शक्तिपीठों की धरती है। भारत की आस्था और अध्यात्म का एक तीर्थ है। बैजनाथ से लेकर काठगढ़ तक, इस भूमि में बाबा भोले की असीम कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है।

जब हिमाचल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी, तो राज्य चुनौतियों को भी पार कर नई ऊंचाईयों को तेजी से छूएगा। जनता की जनता ने कांग्रेस को पुन: सत्ता में नहीं लौटने देने का मन बना लिया है।तमिलनाडु का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि वहां के लोगों ने करीब 60 साल पहले कांग्रेस की विदाई कर दी थी जो आज तक इसकी वापसी नहीं हुई।

देश में कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को कुचला है और पूरा ध्यान भ्रष्टाचार पर लगाया जबकि हम देश के लिए काम कर रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक परिपाटी को बदला है। भाजपा वही वादे करती है जो कर सकती है। इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परम्परा को बदलते हुए भाजपा को जिताया।

उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है। हमे ऐसी राजनीतिक परम्परा बनाना चाहते हैं कि सरकारें ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस यानि, अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस यानि, भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी। कांग्रेस यानि, विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.