पंद्रह मिनट का टैक्सी किराया साढ़े 32 लाख से ज्यादा

लंदन। इंग्लैंड के मैनचेस्टर में एक उबेर कैब से महज साढ़े छह किलोमीटर का किराया 32 लाख 56 हजार आया था। मिली जानकारी के मुताबिक 22 साल के अलिवर काल्पान उबेर की टैक्सी लेकर मात्र साढ़े छह किलोमीटर गये थे। यह करीब पंद्रह मिनट का सफर था।

कैब से उतरने के बाद ह अपने काम पर चले गये। वह युवक मैनचेस्टर के बाक्सट इन नामक रेस्त्रां में रसोइये का काम करता है। काम खत्म करने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ मिलने विचवूड के एक पब में जा रहे थे। यह दूरी करीब साढ़े छह किलोमीटर है।

इसी सफर के लिए उसने उबेर का कैब लिया। उसके मुताबिक जब कैब को बुक किया तो किराया करीब एक हजार रुपया बता रहा था। समय पर यह कैब आयी और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचा भी गयी। यहां तक सब कुछ ठीक चला। अगले दिन तब वह सोकर उठे तो परेशानी का दौर प्रारंभ हुआ। उन्होंने देखा कि उबेर कंपनी की तरफ से उन्हें एक मैसेज भेजा गया है।

जिसमें बताया गया है कि कैब किराये पर लेने के एवज में उनपर कंपनी का 32 लाख रुपये से ज्यादा बकाया रह गया है। कंपनी ने उनके क्रेडिट कार्ड से यह पैसा काट लेने की अग्रिम सूचना दी थी। यह देखकर काल्पान परेशान हो गये।

उन्होंने आनन फानन में कंपनी को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कंपनी वालों से पूछा कि इतनी कम दूरी के सफर का इतना किराया कैसे हो सकता है। दूसरी तरफ उनके क्रेडिट कार्ड में इतनी रकम भी नहीं थी कि यह बकाया किराया कंपनी वसूल सके। इस सूचना से उबेर वाले भी हैरान हो गये। उनलोगों ने आनन फानन में उस कैब के चालक से संपर्क किया तो उसने भी बताया कि युवक जो कुछ बता रहा है, वह अक्षरश: सही है।

फिर कंपनी वाले इस सोच में पड़ गये कि इतना अधिक किराया कैसे दर्ज हो रहा है। मामले की जांच प्रारंभ हुई तो पता चला कि दरअसल इस कंपनी के मोबाइल एप की गड़बड़ी की वजह से ऐसा हुआ है। जब कैब बुक किया गया था तो मैनचेस्टर की करीब के विचवूड के बदले उबेर के इस मोबाइल एप ने आस्ट्रेलिया का विचवूड दर्ज कर लिया था। आस्ट्रेलिया में भी इस नाम का एक इलाका है।

इंग्लैंड से आस्ट्रेलिया तक के सफर का रिकार्ड दर्ज होने की वजह से कंपनी के कंप्यूटर ने इतना अधिक किराया दर्ज किया और उसकी सूचना इस युवक तक भेज दी। गड़बड़ी पकड़ में आने के बाद कंपनी के लोगों ने इस गलती को सुधार लिया है। युवक को भी अतिरिक्त पैसे नहीं देने पड़े हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.