ओमप्रकाश राजभर को मिला वाई श्रेणी की सुरक्षा

नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश शासन ने ओमप्रकाश राजभर को  वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। ओमप्रकाश राजभर के पुत्र अरुण राजभर ने जानकारी दी है। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था। लेकिन वर्तमान में अखिलेश यादव और ओमप्रकाश राजभर की दूरी लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।

वाई श्रेणी सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं जिसमें दो पीएसओ (निजी सुरक्षा गार्ड) भी होते हैं। शासन द्वारा व्यक्ति की सुरक्षा का आकलन करने के बाद उन्हें उसी आधार पर सुरक्षा मुहैया कराई जाती है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर रहने का इनाम ओमप्रकाश राजभर को मिला है।

इसके साथ ही ओमप्रकाश राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया है। हाल में ही ओमप्रकाश राजभर ने यह भी कह दिया था कि समाजवादी पार्टी भाजपा के नाम पर मुसलमानों को डरा कर वोट लेती है, लेकिन उनका हक नहीं देती।

इससे पहले ओमप्रकाश राजभर ने यह भी कह दिया था कि वह तो अखिलेश यादव से तलाक मिलने का इंतजार कर रहे हैं, खुद से गठबंधन से बाहर नहीं होंगे। कुल मिलाकर देखें तो वर्तमान में ओमप्रकाश राजभर और भाजपा की नजदीकी दिखाई दे रही है। हाल में ही राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री इन ब्रजेश पाठक के साथ वह विक्ट्री चिन्ह दिखाते नजर आ रहे थे।

Leave a Reply