सीएम धामी ने अधिकारियों के साथ की विकास योजनाओं की समीक्षा 

नैनीताल। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वामी विवेकानंद जी के दिखाये रास्ते पर चल रहे हैं और उनके सपनों का भारत बनाने में जुटे हैं। धामी चंपावत जिले के दो दिनी दौरे पर आज लोहाघाट स्थित अद्वैत मायावती आश्रम पहुंचकर दर्शन किये।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि अद्वैत आश्रम स्वामी विवेकानंद जी की कल्पना रही है। अद्वैत आश्रम देवदार, चीड़, बांज व बुरांश जैसी सघन वनराजि के नैसर्गिक सौंदर्य के मध्य मणि के समान बसा हुआ है और आंगतुंकों को निर्मल शांति प्रदान करता है। आश्रम में पुण्य आत्माओं का वास है।

उन्होंने आगे कहा स्वामी विवेकानंद जी कई दिनों तक यहां रहे। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम की तर्ज पर बदरीनाथ धाम को भी महायोजना (मास्टर प्लान) के अनुसार नया स्वरूप दिया जा रहा है। केदारनाथ में आदि गुरू शंकराचार्य की समाधि को नया रूप दे दिया गया है।

आने वाले समय में मानसखंड मंदिर माला मिशन कोरिडोर बनाया जायेगा। इसके लिये प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इससे पहले स्वामी सहृदानंद महारान ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान ध्यान केन्द्र एवं स्वामी विवेकानंद जी पर आधारित संग्रहालय का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने बुधवार रात को अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट में विकास योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों और कर्मचारियों को नयी कार्य संस्कृति विकसित करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जनपद के लिये अभिनव योजनायें बनायें और उन पर काम करें। इस दौरान उन्होंने वन विभाग, आपदा, कृषि, औद्यानिकी, पशुपालन, उद्योग व दुग्ध विकास समेत सभी विभागों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिये।

Leave a Reply