देहरादून। पूर्णानंद खेल स्टेडियम का खेल मंत्री रेखा आर्य ने निरीक्षण किया। स्टेडियम में फैली अव्यवस्थाओं पर मंत्री ने सख्त नाराजगी व्यक्त किया और इन्हें दूर करने का निर्देश भी दिया।
आर्य ने उप क्रीड़ा अधिकारी ऋतु जैन से स्टेडियम में संचालित किए जा रहे खेलों के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि वर्तमान में स्टेडियम में आठ प्रकार के खेल संचालित हो रहे हैं। मैदान के समतलीकरण का विषय भी मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस पर उन्होंने जल्द ही स्टेडियम के ग्राउंड को समतल किये जाने का विश्वास दिलाया।
खेल मंत्री ने जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया कि जल्द ही निदेशालय को इस विषय से अवगत कराएं और समस्या को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां पर बालिका खेल छात्रावास की जरूरत महसूस होती है जिसको लेकर सम्बंधित अधिकारियों से बात कर जल्द ही इस विषय पर कार्य किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि जिस तरह से स्टेडियम का रख रखाव किया जाना चाहिए था, उसमें कुछ कमियां देखने को मिली हैं। चूंकि यहां पर सुबह से देर शाम तक खिलाड़ी खेलने आते हैं और उन्हें इन अव्यवस्थाओं के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जो बेहद चिंताजनक विषय है।उन्होंने बताया कि जल्द ही खेल स्टेडियम में व्यवस्थाएं बेहतर हो इसे लेकर जिला क्रीड़ा अधिकारी को निर्देशित किया गया है।