स्टोन क्रशर मालिक पर हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा ,दो गिरफ्तार , सात फरार

नैनीताल।  स्टोन क्रशर मालिक के घर पर हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सात आरोपी फरार हैं। गोलीबारी अवैध धन वसूली के लिये की गयी है।

उधमसिंह नगर पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल की देर रात को बाजपुर के पिपलिया गांव में स्टोन क्रशर मालिक नेत्र प्रकाश शर्मा के घर पर यकायक गोलीबारी होने लगी। इसमें एक व्यक्ति कुलवंत पुत्र सुखदेव निवासी बग्गी फार्म, रामपुर, उप्र की मौत हो गयी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे।

घटना के बाद ग्रामीण दहशत में आ गये। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस बदमाशों को पकड़ने में लग गयी। पुलिस के अनुसार बाजपुर के केशोवाला गांव निवासी अविनाश शर्मा पुत्र गुरवचन शर्मा पेशेवर अपराधी है।

वह उधमसिंह नगर व आसपास के लोगों से अवैध वसूली करने के साथ ही सम्पत्तियों पर जबरन कब्जा करता है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। अविनाश शर्मा व उसके दोस्त स्टोन क्रेशर स्वामी से अवैध वसूली कर रहे थे। इसके लिये वह उन पर विभिन्न प्रकार से दबाव बना रहे थे।

घटना के दिन आरोपियों की ओर से पहले एक निजी होटल में सार्वजनिक पंचायत बुलायी गयी और स्टोन क्रशर मालिक पर वसूली का दबाव बनाया गया। पुलिस के अनुसार इसमें भी असफल रहने पर अविनाश शर्मा व उसके दोस्त देर रात स्टोन क्रशर मालिक के घर जा धमके और गोलीबारी शुरू कर दी।

आरोप है कि घर में महिलाओं से भी मारपीट की गयी। गोलीबारी में बदमाशों का एक साथी की मौत हो गयी जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गये। इस घटना के बाद बाकी आरोपी फरार हो गये।पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

नेत्र प्रकाश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गुरूवार देर रात को दो आरोपियों मोहित अग्रवाल व दीपक शर्मा उर्फ शैंकी निवासी बाजपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.