चम्पावत उप चुनाव: पुष्कर धामी बनाम कांग्रेस  के बीच : करन

जीत के लिए हर स्तर पर होगा मंथन, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल से जल्द बातचीत, हाईकमान से मांगा जाएगा मार्गदर्शन

  • खटीमा के बाद अब चम्पावत की जनता के सामने भाजपा का असली चेहरा, ज्यादा दिन नहीं टिकेगा भाजपा का झूठ

हल्द्वानी । कांग्रेस पीसीसी प्रमुख करन मेहरा ने दावा किया है कि चंपावत में कांग्रेस सीएम के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उप चुनाव कांग्रेस और पुष्कर सिंह धामी के बीच होगा।

इसके लिए पार्टी से विचार विमर्श करने के साथ ही पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्दी ही पार्टी हाईकमान से मंथन होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक युवा नेता खटीमा से सीएम पुष्कर सिंह धामी को हरा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि चम्पावत के लोगों को भी पता है कि भाजपा झूठ की बुनियाद पर चुनाव जीत रही है। उप चुनाव में भाजपा के झूठ से लोगों को सावधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व पीसीसी प्रमुख गणेश गोदियाल नहीं बल्कि कांग्रेस नेताओं की कुछ परस्पर विरोधी बयानबाजी हार का कारण बनी। कांग्रेस लोगों के बीच में भाजपा असली चेहरा नहीं ले जा पायी।
यह दावा मेहरा ने बृहस्पतिवार को यहां स्वराज आश्रम में एक पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बिना लाग लपेट के कहा कि कांग्रेस उप चुनाव को जीतने के हिसाब से मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा कि यह उप चुनाव भाजपा को उसकी गलत नीतियों से सबक सिखाने के तौर पर याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा फ्री में राशन और हरेक किसान के खाते में दो हजार रुपये भेजने तक को वोट के तौर पर कैश कर गई, जबकि 210 में खाद्यान्न सुरक्षा योजना यूपीए सरकार की देन है।

उन्होंने कहा कि पहले सस्ता गल्ला दुकानों में चीनी मिलती थी, अब गायब है। मिट्टी का तेल गायब है। महंगाई ने आसमान छू लिया है। भारत कर्ज के बोझ तले दबने लगा है। इसके बावजूद केंद्र और राज्य सरकार झूठ के बल पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा कि 14 फरवरी को हुए मतदान से पहले भी पुष्कर सिंह धामी सीएम थे। खटीमा की महान जनता धामी को हरा चुकी है। वहां के लोगों को भाजपा का असली चेहरा पता लग गया है। अब बारी चम्पावत की है।

उन्होंने कहा कि चम्पावत की जनता पर भाजपा ने उप चुनाव थोपा है। इसका जवाब भी जनता को ही देना है। कांग्रेस पूरी तैयारी से उपचुनाव में जाएगी। उन्होंने कहा कि उनको रास्ते में खटीमा विधायक कैलाश गहतोड़ी द्वारा त्यागपत्र देने की सूचना मिली है।

वे जल्दी ही पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल से बात करेंगे और चुनाव की रणनीति पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ जनों के साथ ही पार्टी हाईकमान से विचार विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में दोहराते हुए कहा कि वे काम के आधार पर पार्टी में जिम्मेदारी सौंपने जा रहे हैं। वे नेताओं के बजाय कांग्रेस को कार्यकर्ताओं की पार्टी देखना चाहते हैं। इसके लिए वे काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे जम्बो कार्यकारिणी के बजाय छोटी और प्रभावी कार्यकारिणी बनाने जा रहे हैं। इससे हरेक पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाने में आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि जन मुद्दों को लेकर कांग्रेस आक्रामक दिखेगी। इस मौके पर विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व काबीना मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply