After Header-1

अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश : योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में रविवार को जनता दरबार में योगी ने प्रशासन को दो टूक कहा कि किसी भी गरीब की जमीन पर कोई माफिया और बाहुबली अवैध कब्जा ना कर पाये।

दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और लोगों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीन की पैमाइश और राजस्व संबंधी मामलों का तहसीलों में निस्तारण तेज किया जाए। जहां जरूरत पड़े पुलिस बल भी साथ लिया जाए।

उन्होंने थानों और तहसीलों में समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान के प्रति अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान कमिश्नर रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसएसपी डा विपिन टाडा मौजूद रहे। हिन्दू सेवाश्रम में पहुंचे करीब दो सौ से ज्यादा पहुंचे लोगों में अधिकांश फरियादी भूमि विवाद और अवैध कब्जे की समस्यायें लेकर आये थे।

जंगल कौड़िया ब्लाक के कुसहरा निवासी पवन सिंह ने कहा कि उनकी जमीन पर दूसरे लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये। कुछ ऐसी ही समस्या खोराबार क्षेत्र के रायगंज निवासी भागवत यादव की भी थी।

उन्होंने भी मुख्यमंत्री योगी से उनकी जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की थी। इसके अलावा लोगों ने पीएम आवास और छात्रवृत्ति न मिलने से जुड़ी समस्यायें भी मुख्यमंत्री ने सुनीं। इस दौरान इलाज के लिए भी मदद मांगने वाले करीब दर्जन भर फरियादियों के लिये मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देशित? किया कि पैसों के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकना चाहिए।

उन्होंने फरियादियों से भी कहा कि वे अपना अस्पतालों से इलाज के खर्च का अनुमानित खर्च बनवाकर भेंजे। सभी की मदद की जाएगी। जनता दर्शन में 800 से अधिक लोग आए थे। हिन्दू सेवाश्रम में मौजूद करीब 200 लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी ने सीधे सुना। वहीं करीब 600 लोगों की समस्याओं को यात्री निवास में अधिकारियों ने सुना। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद योगी जनता दर्शन हेतु हिन्दू सेवाश्रम पहुंचे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.