श्रीपूर्णागिरी धाम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की पूजा अर्चना

छात्र छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण भी किया

नैनीताल। चैत्र नवरात्र के अवसर पर प्रसिद्ध श्रीपूर्णागिरी धाम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पूजा अर्चना की और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।

धामी ने कहा कि मां पूर्णागिरी धाम उत्तर भारत का प्रसिद्ध धाम है। यहां देश के कोने कोने से श्रृद्धालु आते हैं। यहाँ श्रृद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ ही संचार सुविधाओं को को सुदृढ़ किया जाएगा।

उन्होंने बूम में शारदा घाट का निरीक्षण किया और नदी द्वारा किये जा रहे भूमि कटाव का जायजा लिया। साथ ही जिला प्रशासन को इस पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने टनकपुर के शारदा घाट का भी निरीक्षण किया और घाट में हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर शारदा नदी में अपस्ट्रीम खनन करने की प्रक्रिया को पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने 370 हेक्टेयर क्षेत्र में होने वाले अपस्ट्रीम खनन में होने वाली सभी अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए जिससे आने वाले समय में घाट को बचाया जा सके। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी मिलकर उनकी बातों को सुना तथा प्रशासन को सक्रिय कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

यहाँ से मुख्यमंत्री डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान पहुंचे और लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, क्लासरूम एवं छात्र छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। साथ ही संस्थान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शिरकत की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर कार्य प्रक्रिया शुरू हो गई है। सर्वे के लिए 29 करोड़ रुपए भी जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा की गरीबों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती के अवसर पर राज्य को देश का मॉडल राज्य बनाया जाएगा। पर्यटन को विकसित किया जाएगा। पर्यटकों को राज्य के प्रति आकर्षित करने के लिए पर्यटन का विकास किया जाएगा।

Leave a Reply