आठ  मंत्रियों के साथ बनी धामी पार्ट-2

मोदी, नड्डा, राजनाथ व शाह सहित कई राज्यों के सीएम रहे मौजूद

  •  सीएम धामी के साथ आठ मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ 
  • कैबिनेट की तीन सीटें अभी रखी गयी हैं खाली 
देहरादून। प्रचंड बहुमत से जीत के बाद बुधवार को पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने शपथ लेकर विधिवत सरकार का गठन कर लिया है। पीएम नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित शपथ समारोह में आठ काबीना मंत्रियों को भी शपथ दिलायी गयी।
राज्य की पांचवी विधानसभा के गठन के बाद धामी पार्ट-टू ने आठ कैबिनेट मंत्रियों के साथ अपना काम संभाल लिया है। अभी कैबिनेट की तीन सीटें खाली रखी गयी हैं।  
परेड मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में आज धामी पार्ट-2 ने शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इसके बाद क्रमश: सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, डा. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, चंदन राम दास और सौरभ बहुगुणा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
करीब 2 मिनट चले इस शपथ समारोह का संचालन मुख्य सचिव डा.एसएस संधु ने किया।  शपथ लेने से पहले मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउण्ड में सन्त महात्माओं पर पुष्प वर्षा की और उनका आशीर्वाद लिया। आज के शपथ समारोह को भव्य रूप दिया गया था, जिसमें देश के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। आज की कैबिनेट की विशेषता यह रही कि पिछली बार के कई दिग्गजों को मंत्रिमंडल से बाहर रख कर कुछ नये चेहरों को मौका दिया गया है। जबकि पहले से मंत्री रहे कुछ मंत्रियों का वरिष्ठता क्रम बदला गया गया है।
शपथ समारोह में जहां केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी, रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, पशुपालन राज्य मंत्री डा. संजीव वालियान, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मौजूद थे।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, एवं सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, सांसद रेखा वर्मा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय टम्टा, राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी, नरेश बंसल, दुष्यंत गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायकगण, सन्तगण, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे। प्रदेश के कोने-कोने से आये हजारों लोग भी शपथ समारोह के गवाह बने।

Leave a Reply