यूपी विस चुनाव : आज थम जायेगा तीसरे चरण का चुनाव प्रचार

लखनऊ । यूपी में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान वाली 59  सीटों पर शुक्रवार को शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम जायेगा। राज्य  में सात चरण में हो रहे चुनाव के दौरान तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधान सभा सीटों पर 20 फरवरी को होने वाले मतदान में 2.15 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

चुनाव आयोग द्वारा पांच जनवरी को  प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार तीसरे चरण वाली सीटों पर 02 करोड़ 15 लाख 75 हजार 430 मतदाता हैं। इसमें 01 करोड़ 16 लाख 12 हजार 10 पुरुष मतदाता और  99 लाख 62 हजार 324 महिला मतदाताओं के अलावा 1,096 थर्ड जेंडर के मतदाता  शामिल हैं। इस चरण में बृज क्षेत्र के पांच जिलों  फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, एटा और कासगंज की 19, अवध क्षेत्र के कानपुर,  कानपुर देहात, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज और इटावा जिले की 27 तथा  बुंदेलखंड के पांच जिलों झांसी, जालौन, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर की 13  सीटों पर चुनाव होना है।

सपा का सबसे मजबूत गढ़  एटा, इटावा और मैनपुरी की ‘यादव बैल्ट’ भी शामिल है, जिस पर पिछले चुनाव  में भाजपा ने सपा के किले में जबरदस्त सेंधमारी की  थी। तीसरे चरण की 59 में से 49 सीटों पर 2107 में भाजपा ने  कब्जा जमाया था, जबकि मात्र नौ सीटें सपा और एक सीट पर कांग्रेस जीत सकी  थी।बसपा का इस इलाके में खाता भी नहीं खुल सका था।  अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहे विपक्षी दलों को इस चुनाव में तीसरे चरण वाली  सीटों पर खोई जमीन वापस पाने की उम्मीद है वहीं, भाजपा किसी भी कीमत पर इस  इलाके में खुद को कमजोर नहीं पड़ने देने की भरपूर कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि पहले दो चरण के चुनाव में 20 जिलों की 113 सीटों पर मतदान हो  चुका है। इसमें 10 फरवरी को 11 जिलों की 58 सीटों पर और 14 फरवरी को नौ  जिलों की 55 सीटों पर मतदान हुआ था। तीसरे चरण में योगी  सरकार के मंत्री ही नहीं बल्कि केन्द्रीय मंत्री की प्रतिष्ठा भी दांव पर  है।

इनमें केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल तीसरे चरण के मतदान वाली सबसे  खास सीटों में शुमार मैनपुरी की करहल सीट पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को  चुनौती दे रहे हैं। इसी जिले की भोगांव सीट पर योगी सरकार में आबकारी  मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री और कानपुर जिले की महाराजगंज सीट पर सतीश महाना  किस्मत आजमा रहे हैं।

 

Leave a Reply