उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में कांग्रेस की जीत तय: हरीश रावत

जल्दी ही यूपी और पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए निकलने जा रहा हूं

हल्द्वानी । कांग्रेस वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दावा किया है कि इस चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में विकास का रास्ता शुरू होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और सपा एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाकर चुनाव को विकास के मुद्दे से हटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछेक दिनों बाद वे यूपी और पंजाब में प्रचार के लिए निकल पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

बुधवार को मीडिया के सवालों के जवाब यह दावा रावत ने किया। उन्होंने कहा कि यूपी में जनता भय, विद्वेष और धमकी की राजनीति को अब ज्यादा मौका नहीं देगी। यह खत्म होगी। प्रियंका गांधी और कांग्रेस यूपी को विकास का रास्ता दिखाने में सफल होंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड के साथ पंजाब, गोवा एवं मणिपुर में शानदार जीत दर्ज करने जा रही है।

उन्होंने कहा कि वे लगातार पंजाब के नेताओं के संपर्क में हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि इस बार विस चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है। इसके प्रतिफल के तौर पर दस मार्च को उत्तराखंड में कांग्रेस को शानदार जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे पंजाब और यूपी प्रचार के लिए जल्दी जाने वाले हैं। उनका कार्यक्रम तैयार हो रहा है।

रावत ने किया पुलिसकर्मियों के ग्रेड पे बढ़ाने का वादा

उत्तराखंड में अभी भी पोस्टल बैलेट डाले जा रहे हैं। ये चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों से हैं। इनको अपने पक्ष में जारी करने के लिए लालकुआं से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत ने आडियो जारी किया किया है। इसमें पुलिस जनों से वोट की अपील की है। वे कोतवाली भी गए। सोशल मीडिया में पुलिसकर्मियों के ग्रेड पे को बढ़ाने की दलील वे पहले ही कर चुके हैं। यह अपील जमकर वायरल हो रही है।

बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने एक आडियो जारी कर पुलिस कर्मियों की ग्रेड पे की समस्या के समाधान का वादा किया है। जिसके बाद उन्होंने लालकुआं कोतवाली में जाकर पुलिस कर्मियों से पोस्टल बैलेट के माध्यम से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार के एक गलत निर्णय के कारण राज्य के पुलिस कर्मियों को गहाराई से चोट मिली है।

उनकी भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि ग्रेड पे उनको दी गई थी उनको डाउन ग्रेड करना उनकी कर्तव्यनिष्ठा का उपहास उड़ाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही प्राथमिकता के आधार पर पुलिस कर्मियों को दिए जाने वाला ग्रेड पे का वादा पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply