मनी लॉन्ड्रिंग : दाऊद इब्राहिम से जुड़े कई परिसरों पर ईडी का छापा

मुंबई। मुंबई के इलाकों में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े कई परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (Ed) ने मनी लॉन्ड्रिंग के पूर्व संबंधित मामले में छापे मारे।  एजेंसी ने दाऊद की बहन हसीना पारकर के परिसरों पर छापे मारे और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए।

सूत्रों के अनुसार एजेंसी ने महाराष्ट्र के कुछ राजनेताओं की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी है, ताकि यह पता चल सके कि क्या उस राजनेता का अंडरवर्ल्ड से कोई संबंध है। एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई और आसपास के इलाकों में 10 स्थानों पर छापे की कार्रवाई चल रही है। ये दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़े पिछले मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधित हैं।

एक संपत्ति का सौदा जांच के दायरे में है, जिसमें महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ राजनेता भी कथित रूप से अन्य लोगों के साथ शामिल हैं। ईडी राजनेताओं और दाऊद के कथित सहयोगियों के पैसे के लेनदेन की भी जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि वे इस मामले पर लंबे समय से काम कर रहे थे। दाऊद अब भी अपने बिचौलियों के जरिए संपत्ति कारोबार को नियंत्रित कर रहा है।

हवाला नेटवर्क के जरिए उसे और उसके सहयोगियों को पैसा भेजा जाता है। इस पैसे का इस्तेमाल कथित तौर पर विभिन्न आतंकवादी संगठनों द्वारा पूरे भारत में राष्ट्र-विरोधी और आतंकवादी गतिविधियों को फैलाने के लिए किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि पता चला है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई दाऊद को अपना गलत व्यवसाय चलाने और इससे कमाये गए पैसे से आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने में मदद कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.