बसपा ने जारी की 53 उम्मीदवारों की सूची 

लखनऊ। बसपा  ने उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिये गुरुवार को 16 जिलों की 53 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। बसपा की सूची में मैनपुरी जिले की करहल सीट से कुलदीप नारायण का नाम शामिल है। करहल सीट पर वह समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव को चुनौती देंगे।

जबकि इटावा जिले की जसवंतनगर सीट पर अखिलेश के चाचा और प्रसपा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ बसपा बृजेन्द्र प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा एटा सीट पर सपा से टिकट कटने से नाराज होकर बसपा में शामिल हुये अजय सिंह यादव को बसपा ने एटा सीट से ही उम्मीदवार घोषित कर दिया।

वहीं, बसपा सरकार में मंत्री रहे रतन लाल अहिरवार के बेटे रोहित रतन अहिरवार को पार्टी ने मऊरानीपुर (सु) सीट से प्रत्याशी बनाया है। बसपा की इस सूची में दो मुस्लिम और छह महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इससे पहले आज सुबह भी बसपा ने चार जिलों की छह विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

Leave a Reply