उत्तराखंड पुलिस कर्मचारियों में असमंजस ,सिपाही ने त्यागपत्र देने को कहा

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस में 4600 ग्रेड-पे दिये जाने की मांग के विपरीत राज्य सरकार द्वारा एकमुश्त दो लाख रुपये दिये जाने के आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति उतपन्न हो गई है। एक आरक्षी (सिपाही) ने सोशल मीडिया पर त्यागपत्र देने और यह राशि सरकार को ही दान देने की बात कहकर सनसनी फैला दी है।

ग्रेड पे के स्थान पर एकमुश्त दो लाख रुपये देने का शासनादेश शनिवार को जारी होते ही कार्मिकों और उनके परिजनों के पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे हैं। ये लोग इस राशि से संतुष्ट नहीं है।

धामी के मुख्यमंत्री बनने के बाद, ग्रेड पे 4600 करने के प्रति पुलिस कार्मिक आश्वस्त थे, लेकिन इसके स्थान पर उक्त शासनादेश निर्गत होने से उनमें असन्तोष व्याप्त हो गया है। इसके बाद, सिपाहियों ने त्यागपत्र भी सोशल मीडिया में वायरल कर दिये हैं। इनमें त्यागपत्र को स्वीकार कर, पेंशन की गुहार लगाई है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में लंबे समय से 4600 ग्रेड पे की मांग की जा रही है। इसके समर्थन में पुलिस कर्मियों द्वारा काली पट्टी बांधकर विरोध करने की सूचना पूर्व में सोशल मीडिया पर सुर्खियां बनीं। इसके बाद, कर्मियों के परिजन अनेक बार, धरना, प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

बताया जाता है कि पुलिस विभाग में 20 साल की सेवा के बाद 4600 ग्रेड-पे दिया जाता है, लेकिन लंबे समय से यहां 20 साल की नौकरी पूरा करने के बावजूद, अब भी 2800 ग्रेड-पे ही दिया जा रहा है, जबकि सिपाही से ऊपर के सभी पदों के लिए 4600 ग्रेड-पे लागू है।

Leave a Reply