भाजपा ने राहुल से पूछे सवाल, सैनिकों के सम्मान के लिये क्या किया?

नैनीताल। भाजपा ने  कांग्रेस पर जोरदार हमले किये और पार्टी नेता राहुल गांधी से डबल इंजन सरकार व सैनिकों के सम्मान के मामले में कई सवाल पूछे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के नेता व पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बार-बार विकास के नाम पर भाजपा सरकार पर आरोप मढ़ रही है।

खासकर डबल इंजन सरकार को लक्ष्य बना रही है। ऐसे में उन्होंने कहा कि भाजपा हिन्दुओं को लश्कर ए तैयबा से भी खतरनाक बताने वाली कांग्रेस व उसके नेता राहुल गांधी से पूछना चाहती है कि जनता ने कांग्रेस को 2004 से लेकर 2007, 2012 से 2014 तक केन्द्र व राज्य में सत्ता सौंपी व इस दौरान उन्हें पांच वर्ष तक उनकी डबल इंजन वाली सरकार बनाने का मौका मिला।

उन्होंने पूछा कि क्या तब कांग्रेस की सरकार द्वारा उस दौरान प्रदेश को कोई महात्वाकांक्षी परियोजना दी गयी। उन्होंने कहा कि यदि हां तो राहुल गांधी को उसका हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाया कि प्रदेश में आज केन्द्र की मोदी सरकार के सहयोग से एक लाख करोड़ रूपये की योजनायें संचालित हो रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज कांग्रेस पार्टी सैनिकों के सम्मान व शौर्य की बात कह कर सैनिक सम्मान दिवस मना रही है। ऐसे में हम कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि उसने पिछले 60 वर्षों तक सैनिकों के सम्मान के लिये क्या किया? क्या वन रैंक वन पेंशन की मांग मानी गयी? उन्होंने कहा कि क्या सीमा पर शहीद होने वाले सैनिकों के पार्थिव शरीर को उनकी जन्मभूमि तक पहुंचाने का कार्य या शहीद के परिवारों की सुध लेने का काम कभी कांग्रेस ने किया? उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के शासन में जब कोई सैनिक शहीद हो जाता था तो एक काला कंबल, काला बक्सा व एक पोस्टकार्ड के साथ शहीद का पार्थिव शरीर उनके परिवार को सौंप दिया जाता था।

उन्होंने सैनिक सम्मान दिवस मनाने वाले  राहुल गांधी से पूछा कि क्या यहीं सैनिकों का सम्मान है? उन्होंने आगे कहा कि क्या शहीद हुए सीडीएस विपिन रावत को सड़क का गुंडा कहना यही सैनिकों का सम्मान है? उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाया कि जब पूरा देश अपने बहादुर सैनिकों सीडीएस विपिन रावत व अन्य सैन्य अधिकारियों की दुखद मौत के चलते गम में डूबा था तब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता गोवा में ढोल व नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर रही थी। क्या यही सैनिक सम्मान दिवस है।

Leave a Reply