राहुल गांधी करेंगे दून में जनसभा को संबोधित, तैयार कांग्रेस

बांग्लादेश विजय की 50वीं वर्षगांठ पर पूर्निक भी होंगे सम्मानित

देहरादून। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बृहस्पतिवार को विजय दिवस के मौके पर देहरादून में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल की प्रस्तावित सभा के लिए कांग्रेस की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गयी हैं। इस अवसर पर वे पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित करेंगे।
कांग्रेस भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर गौरव वल्लभ, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथाणी व अन्य की मौजूदगी में राहुल के दौरे की तैयारियों की जानकारी दी।

गोदियाल ने बताया कि दो महीने पहले ही कांग्रेस की ओर से प्रियदर्शनी शौर्य सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत कर दी थी। इसके तहत लगभग 10 हजार पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जा चुका है।

गोदियाल ने बताया कि कल जनसभा के दौरान राहुल गांधी के हाथों से पूर्व सैनिकों का सम्मान भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि 50 साल पहले आज ही के दिन राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी व थल सेनाध्यक्ष सैम मानेकशा के नेतृत्व में भारतीय सेना के बहादुर सैनिकों ने पाकिस्तान को धूल चटा दी थी।

इस युद्ध इतिहास ही नहीं दुनिया का भूगोल भी बदल दिया था।प्रोफेसर गौरव बल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी की उत्तराखंड में जनसभा के लिए राहुल गांधी ने एक ऐसा दिन चुना, जिस पर भारतीय सेना और सभी पूर्व सैनिक गर्व करते हैं।

आज ही के दिन भारत ने पाकिस्तान को तोडक़र बांग्लादेश का निर्माण कर दिया था। सेना व देश इस दिन को विजय दिवस के रूप में मनाते हैं। विजय दिवस पर सैन्य प्रदेश में जनसभा का दिन तय करने से राहुल गांधी की देश के प्रति भावनाओं को समझा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विजय दिवस की गोल्डन जुबली का यह वर्ष सभी सैनिकों के लिए बड़े सम्मान का वर्ष भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए लंबे समय तक संघर्ष भी किया और देश की आजादी के बाद देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का गौरव भी कांग्रेस को ही मिला।

पत्रकार वार्ता में लालचंद शर्मा, राजीव महर्षि, डा. आरपी रतूड़ी, गरिमा दसौनी, प्रतिमा सिंह व अन्य कांग्रेसजन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply