तीन आतंकी गिरफ्तार, 43 लाख नगद भी बरामद

जम्मू। तीन आतंकवादियों को जम्मू पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से 43 लाख रुपये नगद बरामद किये है। तीन आतंकी पंजाब से दक्षिण कश्मीर जा रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कोहली ने कहा कि नकदी की एक खेप पंजाब से दक्षिण कश्मीर भेजे जाने की विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ नागरोटा की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया था । एसएसपी ने बताया कि चेकिंग के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल-1जेडबी 8261 वाले वाहन को तलाशी के लिए रोका गया।

उन्होंने बताया कि कार में यात्रा कर रहे लोगों से उनकी आवाजाही के बारे में पूछताछ की गयी, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उनकी व्यक्तिगत तलाशी और वाहन की गहन तलाशी लेने पर दो बैग में रखी हुई नकदी बरामद की गयी।

कोहली ने बताया कि उनके कब्जे से कुल 43 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। संदिग्धों से आगे की पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि यह राशि जैश-ए-मोहम्मद की आतंकी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए पंजाब से दक्षिण कश्मीर ले जायी जा रही थी।

गिरफ्तार किए गए ये शख्स लगातार सीमा पार बैठे आकाओं और दक्षिण कश्मीर में मौजूद आतंकवादियों के संपर्क में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलगाम के मिशीपुरा यारीपोरा गांव निवासी अब्दुल रहमान डार के पुत्र फैयाज अहमद डार, पुलवामा के फारूक अहमद मलिक के पुत्र उमर फारूक और पुलवामा के डेल्लीपोरा के परवेज अहमद मलिक के पुत्र मौजम परवेज के रूप में की गयी है।

एसएसपी ने बताया कि धन को आतंकवादियों के वित्तपोषण के लिए ले जाया जा रहा था और इस धन के स्रोत जम्मू-कश्मीर के बाहर के हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.