भाजपा बंगाल में प्रजातंत्र और संविधान बहाल करने के लिए लड़ेगी :नड्डा

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नयी दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के प्रथम सत्र में पश्चिम बंगाल में पार्टी के बढ़ते जनाधार का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आस्था प्रकट की है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में जब भी बंगाल में चुनाव होगा तब भाजपा प्रजातांत्रिक तरीके से बंगाल को बचाने के लिए, बंगाल में प्रजातंत्र को, संविधान को बहाल करने के लिए लड़ेगी।

वित्त मंत्री ने बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्तावों की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकारिणी ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति की निंदा की है।

नड्डा ने अपने संबोधन में कहा, पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास प्रकट किया है। विधान सभा चुनावों के बाद वहां भाजपा के कई कार्यकताओं की हत्या कर दी गयी है पर भाजपा पश्चिम बंगाल की जनता के साथ डटी रहेगी।

बंगाल में पार्टी राजनीति की एक नयी कहानी लिखेगी

नड्डा ने पश्चिम बंगाल की जनता को यह भरोसा दिलाया है कि पार्टी प्रदेश में राजनीति की एक नयी कहानी लिखेगी।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव बड़ी मेहनत और दमखम से लड़ा था और उसका दावा था कि इस बार चुनाव में नया खेला होगा और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार पलट जाएगी।

पार्टी पश्चिम बंगाल में परिवर्तन के अपने प्रयास में सफल नहीं हो सकी पर आज वह विधानसभा में सबसे बड़ा दल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.