प्रियंका के फार्मूले का अनुसरण उत्तराखंड में भी करेंगे गोदियाल

महिलाओं को 40 फीसद टिकट देने की घोषणा का देवभूमि पर भी असर

  • पहाड़ की राजनीति में भी बढ़ेगी आधी आबादी की भागीदारी 
  • मामला आधी आबादी का: भाजपा व दूसरे दलों पर भी पड़ेगा असर 
  • अब तक सभी दल काटते रहे हैं महिलाओं को टिकट देने से कन्नी 
देहरादून। प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 फीसद टिकट महिलाओं को देने के ऐलान का असर उत्तराखंड पर भी पडऩे जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रियंका की घोषणा की सराहना करते हुए कहा है कि उत्तराखंड कांग्रेस भी इसका अनुसरण करेगी।
अगर ऐसा हुआ तो भाजपा व दूसरे दलों पर भी महिलाओं के टिकट बढ़ाने का दबाव बढे़गा। अगर ऐसा हुआ तो भविष्य में राजनीतिक परिदृष्य बदल जाएगा।
गोदियाल ने कहा कि यह बहुत अच्छा विचार है और इसको निश्चित रूप से आगे बढ़या जाएगा। ज्ञात हो कि राजनीति में महिलाओं को 33 फीसद टिकट देने की मांग वर्षों से हो रही है।
सभी राजनीतिक दल 33 फीसद टिकट के पक्षधर दिखने की कोशिश तो करते हैं, लेकिन जब अमल करने की बात आती है तो सभी इससे कन्नी काट जाते हैं।
ऐसे में पांच राज्यों के विधानसभा चुुनाव से ठीक पहले प्रियंका गांधी ने भले ही उत्तर प्रदेश के लिए यह घोषणा की है, लेकिन उससे कांग्रेस की अन्य राज्यों की इकाइयों पर भी महिलाओं को अधिक टिकट देने का दबाव बढऩा स्वाभाविक है।
उत्तराखंड विधानसभा में 70 सीटें हैं। अगर कांग्रेस 40 फीसद टिकट महिलाओं को देगी तो 28 टिकट महिलाओं के खाते में जाते हैं। जबकि अब तक का इतिहास देखा जाए तो चुनिंदा महिलाओं स्व. इंदिरा हृदयेश, अमृता रावत ही कांग्रेसी राजनीति के बड़े चेहरे रहे।
बाद में कुछ महिला नेत्रियां उपचुनावों की परिस्थितियों व आरक्षित सीटों से विधानसभा में जरूर पहुंची हैं, लेकिन महिलाओं को उनकी वास्तविक हिस्सेदारी लगभग 48 फीसद आबादी के बदले महज 5-7 फीसद टिकट ही मिल पाते हैं।
प्रियंका गांधी के ऐलान को लेकर उत्तराखंड की कांग्रेस नेत्रियों में जबरदस्त उत्साह भी दिख रहा है।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी की घोषणा को लेकर जो खुशी दिखायी है वह इस बात का भी साफ संकेत है कि उत्तराखंड कांग्रेस की महिला नेत्रियां भी टिकट के लिए बड़ा दवाब बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।
महिला कांग्रेस की प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक सरिता आर्य भी इस बात से खुश है। आर्य ने बताया कि महिला कांग्रेस पहले से ही 33 फीसद टिकट की मांग पार्टी से करती रही है। अब चूंकि प्रियंका गांधी ने यूपी के लिए 40 फीसद की घोषणा की तो उससे उत्तराखंड की महिला नेत्रियों को भी ताकत मिली है। बहरहाल सरिता आर्य का यह कहना है कि महिला कांग्रेस उन्हीं महिला नेत्रियों के लिए टिकट मांगेंगी, जो वास्तव में चुनाव लडऩे के लिए तैयारी कर रही हैं।

Leave a Reply